घर में शादी की खुशियां मातम में बदलीं, एयरगन साफ करते समय सामने बैठीं सरपंच को लगे छर्रे अस्पताल ले जाते समय हो गई मौत
नागौर जिले के मेड़ता रोड-गोटन पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत टुंकलिया में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया। घर में शादी समारोह की तैयारियों के बीच एयरगन साफ करते समय अचानक निकले छर्रे सामने बैठीं नवनिर्वाचित महिला सरपंच शैलू राजपुरोहित के सीने में जा लगे। हादसे में गंभीर रूप से घायल शैलू कंवर को परिजन तत्काल उपचार के लिए जोधपुर लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। घर में शादी समारोह होने के कारण परिवार में खुशियों का माहौल था। इसी दौरान एयरगन की सफाई करते समय अचानक छर्रे चल गए और सामने बैठीं शैलू राजपुरोहित इसकी चपेट में आ गईं। सीने में छर्रे लगने से उनकी हालत गंभीर हो गई। परिजन उन्हें बचाने के लिए तुरंत अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
155 वोटों से जीतकर बनी थीं सरपंच
शैलू राजपुरोहित हाल ही में संपन्न हुए पंचायत चुनाव में ग्राम पंचायत टुंकलिया से सरपंच निर्वाचित हुई थीं। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी सुमन को 155 वोटों से हराकर जीत दर्ज की थी। चुनाव में सुमन को 1073 वोट मिले थे। शैलू कंवर की जीत से परिवार और गांव में खुशी का माहौल था, लेकिन इस अचानक हुए हादसे ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया।
शैलू राजपुरोहित के दो बेटे हैं। इनमें से एक मेडिकल क्षेत्र से जुड़ा है, जबकि दूसरा मावे का व्यापार करता है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार और परिचितों में शोक की लहर छा गई।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
जिस घर में शादी समारोह के चलते खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अचानक चीख-पुकार और मातम छा गया। एक ओर परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहीं दूसरी ओर नवनिर्वाचित सरपंच की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
पुलिस ने शव को गोटन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मामले में पुलिस की ओर से घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। इस दुखद घटना से टुंकलिया गांव में शोक का माहौल है।




No comments:
Post a Comment
यदि हमारा प्रयास आपको पसंद आये तो फालोवर(Join this site)अवश्य बने. साथ ही अपने सुझावों से हमें अवगत भी कराएँ. यहां तक आने के लिये सधन्यवाद.... आपका सवाई सिंह 9286464911